Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों के नाम रही। क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली कुमाऊंनी और जौनसारी गीतों पर पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों के उत्साह और प्रतिभा का आलम यह रहा कि कड़ाके की ठंड के बावजूद सांस्कृतिक कार्यक्रम सुबह पांच बजे तक चलता रहा और दर्शक भोर तक पंडाल में डटे रहे। प्रतियोगितात्मक सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की अनिवार्य श्रेणी के बालिका वर्ग में गुरु राम राय पब्लिक स्कूल नरेंद्रनगर ने प्रथम राजमाता बालिका इंटर कॉलेज भागीरथीपुरम नई टिहरी ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नरेंद्रनगर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में माउंट कार्मल क्रिश्चियन एकेडमी नरेंद्रनगर ने प्रथम और राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवधार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। ऐच्छिक श्रेणी के बालिका वर्ग में माउंट कार्मल क्रिश्चियन एकेडमी नरेंद्रनगर ने प्रथम राजकीय इंटर कॉलेज दौंक जौनपुर ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नरेंद्रनगर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी श्रेणी के बालक वर्ग में गुरु राम राय पब्लिक स्कूल नरेंद्रनगर ने प्रथम राजकीय इंटर कॉलेज दौंक जौनपुर ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नरेंद्रनगर ने तृतीय स्थान हासिल किया। मेला समिति के पदाधिकारियों ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उत्साह और प्रतिभा की प्रशंसा की। पुलिस प्रशासन और मेला समिति की मुस्तैदी से पूरी रात व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहीं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। यह जानकारी सूचना एवं लोक संपर्क विभाग टिहरी गढ़वाल की ओर से दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *