Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जनपद के समस्त माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं से संवाद के साथ वृत्तिक परामर्श और रोजगार मार्गदर्शन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी को आवंटित दूरस्थ राजकीय इंटर कॉलेज त्रियुगीनारायण में कैरियर काउंसलिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 109 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में बेहतर कैरियर बनाने के लिए प्रत्येक युवा को अपनी अभिरुचि के अनुसार विषय का चयन करना चाहिए। इसके साथ ही लक्ष्य निर्धारित कर उसी दिशा में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी करने और उनमें सफलता प्राप्त करने के टिप्स दिए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं के अतिरिक्त कौशल विकास के विभिन्न विकल्पों की जानकारी भी दी ताकि युवा अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार कैरियर का चुनाव कर सकें। शिविर में सेवायोजन विभाग के अनुदेशक किशन सिंह रावत ने विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं और विभिन्न रोजगार पोर्टलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राएं रोजगार पंजीयन रोजगार प्रयाग पोर्टल विदेश रोजगार प्रकोष्ठ भाषा प्रशिक्षण और मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना के माध्यम से अपने कैरियर को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने इन विकल्पों की जानकारी लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। शिविर में छात्र-छात्राओं को कैरियर चयन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कौशल विकास और रोजगार के विभिन्न विकल्पों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने जिला प्रशासन तथा सेवायोजन विभाग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए इस तरह के मार्गदर्शन शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *