प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए कोतवाली सोनप्रयाग के अंतर्गत पुलिस चौकी गौरीकुंड की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से कुल 32 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग पर अवैध रूप से शराब बेचने के मामलों में कार्रवाई करते हुए पहले मामले में कमल देव थापा पुत्र मन बहादुर थापा को गिरफ्तार किया गया। वह नेपाली मूल का निवासी है। उसके कब्जे से मैकडॉवेल्स ब्रांड की 14 बोतल शराब बरामद हुई। दूसरे मामले में पुलिस ने लक्ष्मण सिंह पुत्र केदार सिंह निवासी चमोली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से रॉयल स्टैग ब्रांड की 18 बोतल शराब बरामद की गई। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 32 बोतल शराब बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की है। रुद्रप्रयाग पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
