प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के दृष्टिगत जनपद टिहरी में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप की नोडल अधिकारी वरुणा अग्रवाल के निर्देशों के क्रम में विभिन्न विकासखंडों में महिला मंगल दलों के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड थौलधार के कंडारगांव और सुनारगांव तथा चंबा के पस्सी गांव और जौनपुर के खेड़ा गांव सहित जनपद के अन्य विकासखंडों में महिला मंगल दलों की सदस्यों ने स्वीप यानी व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम के तहत निर्वाचन और मतदान संबंधी शपथ ली। इस दौरान महिलाओं ने ग्रामीणों को मतदान के महत्व की जानकारी दी और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। अभियान के तहत लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने तथा आगामी विधानसभा निर्वाचन में अपने मताधिकार का स्वतंत्र और निर्भीक होकर प्रयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे आगामी विधानसभा निर्वाचन में अनिवार्य रूप से मतदान करें और अपने परिवार के सदस्यों तथा आस-पड़ोस के लोगों सहित अन्य नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें ताकि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
