प्रदीप कुमार
धुमाकोट-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं ने थाना धुमाकोट का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं अनुशासन और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के बाद उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण किया और लंबित माल मुकदमाती वाहनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों के साथ शस्त्रागार मालखाना बैरक मेस हवालात कम्प्यूटर कक्ष सीसीटीएनएस सीसीटीवी कैमरों और कम्प्यूटर उपकरणों की जांच की गई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से शस्त्रों एवं कारतूसों के संबंध में जानकारी ली तथा शस्त्रों की हैंडलिंग भी कराई। क्षेत्राधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पुलिसकर्मियों का अनुशासन और टर्नआउट उच्च कोटि का बनाए रखने बैरकों एवं आवासीय परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने सरकारी संपत्ति का उचित रखरखाव करने और अभिलेखों को अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए। उन्होंने उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इसके बाद थाना धुमाकोट में नियुक्त सभी पुलिस कार्मिकों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
