प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी के श्रीनगर स्थित एसएसबी की केदार फायरिंग रेंज में गुरुवार को उत्तराखंड पुलिस की 22वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय एवं वाहिनी राइफल रिवॉल्वर और पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनपदों और वाहिनियों से आए टीम मैनेजरों से परिचय प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों ने सलामी दी और खेल भावना अनुशासन तथा समर्पण के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ ली। अपने संबोधन में एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने कहा कि पुलिस बल के लिए शस्त्र संचालन में दक्षता और अनुशासन के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन्हीं उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उत्तराखंड पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के वार्षिक खेल कैलेंडर के अनुसार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आगामी तीन दिनों तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और निशानेबाजी में अपनी दक्षता एवं कौशल का परिचय देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और पुलिस बल के साथ स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों तथा पत्रकारों का स्वागत किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में जनपद पुलिस की सात टीमों और पीएसी एवं वाहिनियों की तीन टीमों के साथ आईआरबी की दो टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों के 120 से अधिक प्रतिभागी अपनी निशानेबाजी और सटीक लक्ष्यभेदन क्षमता के साथ शस्त्र संचालन कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में राइफल से 100 मीटर 200 मीटर और 300 मीटर की दूरी पर निशानेबाजी के मुकाबले होंगे। वहीं पिस्टल से 15 मीटर 25 मीटर 30 मीटर और 50 मीटर की दूरी पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन मुकाबलों में प्रतिभागी अपनी निशानेबाजी का हुनर दिखाएंगे। प्रतियोगिता 22 अक्टूबर से शुरू होकर 24 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इसका समापन 24 अक्टूबर को होगा।
