प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को आईजी कुंभ डॉ.योगेंद्र सिंह रावत और मेला प्रशासन पुलिस तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ हरिद्वार बाईपास परियोजना के पैकेज-1 के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। बहादराबाद से सराय होते हुए जगजीतपुर तक निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना जरूरी है। मेलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार बाईपास सहित एनएचएआई की अन्य परियोजनाएं कुंभ के सुव्यवस्थित आयोजन और श्रद्धालुओं के सुविधाजनक आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्था को कार्यस्थल पर आवश्यक संसाधन और श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के साथ ही दिन-रात काम जारी रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी और आईजी कुंभ ने बहादराबाद से सराय होते हुए जगजीतपुर तक निर्माणाधीन मार्ग का जायजा लेकर कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों ने कुंभ के दौरान इस मार्ग के उपयोग और दक्षद्वीप पार्किंग तक वाहनों की आवाजाही के साथ ही प्रवेश एवं निकास मार्गों की व्यवस्था पर भी चर्चा की। मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को इस तरह पूरा किया जाए जिससे कुंभ के दौरान यातायात संचालन सुचारु रहे और पार्किंग स्थलों तक पहुंचने वाले वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखी जा सके। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सड़क संपर्क और यातायात प्रबंधन की तैयारियां समय रहते पूरी करना आवश्यक है। इसके लिए निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के साथ यातायात संचालन से जुड़े पहलुओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। मेलाधिकारी ने कार्यस्थल पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों के दौरान किसी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसके समाधान के लिए मेला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार क्षेत्र में एनएचएआई की परियोजनाओं की कुंभ की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए इनकी प्रगति की मेला प्रशासन नियमित समीक्षा करेगा। निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी के लिए कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए ताकि निर्माण कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सके। मेलाधिकारी ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से हरिद्वार को जोड़ने वाली निर्माणाधीन हरिद्वार स्पर परियोजना सहित राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी अन्य परियोजनाओं को भी समय से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान यातायात का दबाव कम करने श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने और शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए सड़क संपर्क से जुड़े कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती एनएचएआई के रुड़की खंड के परियोजना निदेशक पुनीत गर्ग सीओ कुंभ उमेश कुमार मलिक यातायात निरीक्षक हितेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
