Spread the love

प्रदीप कुमार
बदरीनाथ-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के राज्यपाल के 24 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित श्री बदरीनाथ धाम भ्रमण कार्यक्रम को लेकर चमोली पुलिस अलर्ट हो गई है। भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान वीआईपी सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए गए। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस उपाधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी वीआईपी के आगमन से दो घंटे पूर्व अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पहुंच जाएं और आसपास के क्षेत्रों की भली-भांति जांच कर लें। वीआईपी से मिलने वाले व्यक्तियों की नियमानुसार चेकिंग और तलाशी सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए। पुलिस उपाधीक्षक ने सभी ड्यूटी प्रभारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के ड्यूटी कार्ड जांचने और उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में भली-भांति ब्रीफ करने को कहा। उन्होंने ड्यूटी के दौरान साफ-सुथरी वर्दी धारण करने और अनुशासन बनाए रखने के साथ निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पूरी मुस्तैदी से तैनात रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति कोई भी पुलिसकर्मी अपना ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ेगा। राज्यपाल के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए। चमोली पुलिस द्वारा भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *