प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार जनपद में आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस की निरोधात्मक कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस ने पेशेवर अपराधी जयप्रकाश यादव को चार माह के लिए जिला बदर किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने जयप्रकाश यादव के खिलाफ गुंडा अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट प्रेषित की थी। मामले का संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट वित्त एवं राजस्व हरिद्वार ने उसे चार माह के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया। मजिस्ट्रेट का आदेश प्राप्त होने के बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को जनपद से बाहर जाने के निर्देश दिए। पुलिस ने जिला बदर किए गए जयप्रकाश यादव को स्पष्ट हिदायत दी है कि वह आदेश का कड़ाई से पालन करे और निर्धारित अवधि के दौरान हरिद्वार जनपद की सीमा में प्रवेश न करे। यदि वह तय अवधि के भीतर जनपद की सीमा में पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। जिला बदर किए गए व्यक्ति की पहचान जयप्रकाश यादव पुत्र रामनाथ यादव निवासी नेहरू कॉलोनी थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
