प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। गोपेश्वर नगर क्षेत्र में देर रात तक गलियों में युवाओं के झुंड बनाकर खड़े रहने और नशे से संबंधित गतिविधियों के साथ ही राह से गुजरने वाली महिलाओं एवं युवतियों को असहजता होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गोपेश्वर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर की व्यस्ततम गलियों और विभिन्न क्षेत्रों में विशेष गश्त कर अनावश्यक रूप से समूह बनाकर खड़े युवाओं से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने युवाओं को समझाया कि सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह जमावड़ा लगाने और ऐसी गतिविधियों से बचें जिनसे आमजन विशेषकर महिलाओं एवं युवतियों को असहजता महसूस हो। देर रात तक अनावश्यक रूप से बाहर घूम रहे युवाओं को समझाइश देकर घर भेजा गया। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को परेशान करना नहीं है बल्कि नगर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा महिलाओं एवं युवतियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने के प्रति जागरूक करना भी इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। चमोली पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नगर की गलियों और सार्वजनिक स्थानों सहित अन्य क्षेत्रों में नियमित गश्त और निगरानी के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि और नशे से संबंधित मामले या महिलाओं एवं युवतियों को परेशान किए जाने की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
