प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के तहत जनपद चमोली में शुक्रवार से ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच शुरू हो गई है। विकास भवन गोपेश्वर के सामने स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में मशीनों की जांच की जा रही है। इस प्रक्रिया के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रह रहे हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक सामान्य निर्वाचन और उप निर्वाचन से पहले ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच अनिवार्य है। निर्वाचन प्रक्रिया में केवल प्रथम स्तरीय जांच में प्रमाणित मशीनों का ही उपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन सुनिश्चित करने के लिए मशीनों की जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक संचालित होगी। यह कार्य पूरा होने तक जारी रहेगी तथा रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाशों में भी मशीनों की जांच की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जांच प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड और भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों को निर्देश दिए कि जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा वेयरहाउस में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाए। उन्होंने बताया कि प्रथम स्तरीय जांच हॉल में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। अधिकारियों कर्मचारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अपने मोबाइल फोन निर्धारित काउंटर पर जमा करने होंगे। हॉल में एक समय में अधिकतम तीन मोबाइल फोन की अनुमति होगी। इनमें दो मोबाइल फोन मशीनों की स्कैनिंग के लिए और एक मोबाइल फोन इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के इंजीनियरों के उपयोग के लिए निर्धारित रहेगा। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में जनपद चमोली में 1,130 बैलेट यूनिट और 1,400 कंट्रोल यूनिट के साथ 1,294 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध हैं। इन सभी मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच निर्वाचन तैयारियों का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को जांच प्रक्रिया में प्रतिभाग करने के लिए भेजें ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वास बनाए रखने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती और तहसीलदार दीप्तिशिखा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आम आदमी पार्टी की ओर से अनूप सिंह और कांग्रेस की ओर से अनूप रावत तथा भारतीय जनता पार्टी की ओर से गोविंद सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा संबंधित अधिकारी और कार्मिक भी उपस्थित रहे।
