प्रदीप कुमार
चंबा-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल में नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत कोतवाली चंबा पुलिस ने 220 ग्राम अवैध चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चरस के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही वरना कार को भी जब्त किया है। 23 अक्टूबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और क्षेत्राधिकारी चंबा के निर्देशन में कोतवाली चंबा पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए चौकी नागणी क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने आकाश पाल उम्र 28 वर्ष पुत्र मेघपाल निवासी रेशम माजरी वार्ड नंबर 12 डोईवाला जनपद देहरादून को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 220 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वरना कार संख्या UK07 DT3200 को भी जब्त कर लिया। बरामदगी के आधार पर कोतवाली चंबा में अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा उपनिरीक्षक दीपक लिंगवाल उपनिरीक्षक रवि कुमार हेड कांस्टेबल संतोष सिंह और कांस्टेबल रामचंद्र शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने कहा कि वह जनपद को नशामुक्त बनाने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार या मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दें और नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें।
