Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में शुक्रवार से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल यानी वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक अधिकारी एवं राज्य नोडल अधिकारी ईवीएम संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनीश टी ने बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन अगस्त्यमुनि स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस में पहुंचकर जांच प्रक्रिया का निरीक्षण और पर्यवेक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने एफएलसी प्रक्रिया का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जांच प्रक्रिया संपादित करने के निर्देश दिए। पर्यवेक्षक अधिकारी अनीश टी ने प्रथम स्तरीय जांच के दौरान निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा जांच कार्य को पूरी पारदर्शिता और सावधानी के साथ संपादित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इसलिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रत्येक कार्यवाही का नियमानुसार अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सुचारू रूप से संचालित की जाए। उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक संसाधनों सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप जांच प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन जोशी अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह और जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ.अखिलेश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *