Spread the love

प्रदीप कुमार
रिखणीखाल-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं ने शुक्रवार 23 अक्टूबर 2026 को थाना रिखणीखाल का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को अनुशासन स्वच्छता और बेहतर पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत सलामी गार्द के निरीक्षण से हुई। इसके बाद क्षेत्राधिकारी ने थाना परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने थाने में लंबित माल मुकदमाती वाहनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। क्षेत्राधिकारी ने थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों की जांच की। इसके साथ ही शस्त्रागार मालखाना बैरिक मेस हवालात कम्प्यूटर कक्ष सीसीटीएनएस सीसीटीवी कैमरों और कम्प्यूटर उपकरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से शस्त्रों एवं कारतूसों के संबंध में जानकारी ली तथा शस्त्रों की हैंडलिंग भी करवाई। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने थाना स्तर पर लंबित विवेचनाओं और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस मोबाइल एप सीसीटीएनएस और सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की निर्धारित समयावधि में जांच कर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने और अनावरण के लिए शेष मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया। क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाईं ने सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखने और अभिलेखों का समय से अद्यतन रखरखाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी और चेकिंग के दौरान आमजन के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार किया जाए तथा पीड़ितों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त पुलिसकर्मियों का टर्नआउट उच्चकोटि का बनाए रखने और बैरिक एवं आवासीय परिसर को स्वच्छ रखने के साथ सरकारी संपत्ति की उचित देखभाल करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल ई-मेल और सूचना का अधिकार पोर्टल को नियमित रूप से जांचने तथा प्राप्त प्रकरणों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *