Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। वृद्ध महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ ही सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की ओर से मदर टेरेसा स्नेह सदन में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आधार शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 78 वृद्ध महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के लिए सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के दिशा-निर्देशों तथा अध्यक्ष एवं जिला जज हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा दुर्गाकोटी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वृद्ध महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के साथ ही उन्हें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वृद्ध महिलाओं के सामान्य स्वास्थ्य और मानसिक स्वास्थ्य के साथ हड्डियों आंखों एवं दांतों से संबंधित परीक्षण किया। जांच के बाद आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। परीक्षण के दौरान जिन महिलाओं में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई उनके उपचार और निःशुल्क शल्य चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। वृद्ध महिलाओं की दैनिक जरूरतों और बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से व्हीलचेयर छड़ियां बेडशीट मेडिकल किट और इनकॉन्टिनेंस ब्रीफ किट वितरित की गईं। इस दौरान महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित प्राविधिक कार्यकर्ताओं को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। शिविर के अंतर्गत आधार केंद्र के माध्यम से 15 महिलाओं की आधार केवाईसी अद्यतन की गई। इससे महिलाओं को आधार संबंधी समस्याओं से राहत मिलने के साथ ही विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा दुर्गाकोटी ने महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 के बारे में बताते हुए जरूरतमंद महिलाओं को उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। शिविर में सुभारती अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों स्वास्थ्यकर्मियों और प्राविधिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस संवेदनशील पहल के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए सुभारती अस्पताल के चिकित्सकों और सभी सहयोगी कर्मियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *