Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।जनपद चमोली में आमजन को गुणवत्तापरक एवं सुरक्षित औषधियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार 24 अक्टूबर को औषधि निरीक्षक हार्दिक भट्ट ने केंद्रीय औषधि भंडार गोपेश्वर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने औषधियों के सुरक्षित भंडारण और रख-रखाव के साथ निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान औषधियों के वितरण एवं भंडारण से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की गई। औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए छह औषधियों के नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय विश्लेषणशाला देहरादून उत्तराखंड भेजा गया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। औषधि निरीक्षक हार्दिक भट्ट ने बताया कि इस प्रकार के निरीक्षण और नमूना संग्रहण का उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापरक एवं सुरक्षित औषधियां उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही औषधियों के भंडारण और वितरण व्यवस्था में निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना भी इस कार्रवाई का प्रमुख उद्देश्य है। निरीक्षण के दौरान मुख्य फार्मेसी अधिकारी रमेश नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *