Spread the love

प्रदीप कुमार
चौरास-श्रीनगर/पौड़ी गढ़वाल। श्रीनगर गढ़वाल के चौरास स्थित रेनबो पब्लिक स्कूल में 25 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय वार्षिक उत्सव का पहला दिन धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में श्रीनगर नगर निगम की प्रथम महापौर आरती भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विद्यालय परिसर में मुख्य अतिथि का स्वागत बैंड स्क्वाड और स्वागत गीत के साथ किया गया। इसके बाद विद्यालय के प्रबंधक कैलाश प्रसाद उनियाल ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. रेखा उनियाल ने महापौर को बैज पहनाकर स्वागत किया जबकि विद्यालय के उप प्रधानाचार्य रिद्धिस उनियाल ने उन्हें विद्यालय का स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब अलकनंदा वैली के सदस्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान महापौर आरती भंडारी ने अपनी उपलब्धियों के बारे में जानकारी साझा की और आयोजन के लिए रेनबो पब्लिक स्कूल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। वार्षिक उत्सव में गढ़वाली नृत्य लोक नृत्य जागर पंजाबी नृत्य शास्त्रीय नृत्य संथाली नृत्य और रोबोट टेक्नोलॉजी पर आधारित नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं। इसके साथ ही रेडियो गीतमाला देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम योग और एरोबिक अभ्यास सहित भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अंत में विद्यार्थियों ने कव्वाली की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। सभी प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ.रेखा उनियाल ने मुख्य अतिथि आरती भंडारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों विशिष्ट अतिथियों पुलिस विभाग के प्रतिनिधियों और मीडिया से जुड़े लोगों का भी धन्यवाद किया। विद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक उत्सव के दूसरे दिन 26 अक्टूबर को मेले के रूप में फेट फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थी अलग-अलग दुकानों के माध्यम से विभिन्न स्टॉल लगाएंगे। इसके साथ ही मंच पर खुली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *