प्रदीप कुमार
चिड़ियापुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सोमवार को थाना श्यामपुर क्षेत्रांतर्गत उत्तर प्रदेश की सीमा से सटी चिड़ियापुर पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता के साथ पुलिस अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। हाईवे पर स्थित यह चौकी कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। लोकार्पण के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने चौकी परिसर का निरीक्षण किया और वहां तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चौकी के संचालन से सीमावर्ती क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। शातिर अपराधियों की घुसपैठ रोकने के साथ ही आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। नवनिर्मित चौकी भवन शुरू होने से क्षेत्रीय निवासियों और पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। स्थानीय निवासियों ने इस पहल के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव एसपी सिटी दीपक कुमार सीओ सिटी शिशुपाल नेगी तथा थाना श्यामपुर का स्टाफ मौजूद रहा।
