प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से आपराधिक प्रवृत्तियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की निरोधात्मक कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस ने पंकज बवाड़ी उर्फ पंकज कुमार को चार माह के लिए जिला बदर किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर के निर्देश पर की जा रही निरोधात्मक कार्रवाई के क्रम में थाना सिडकुल पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत रिपोर्ट प्रेषित की थी। मामले का संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट वित्त एवं राजस्व हरिद्वार ने उसे चार माह के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया। मजिस्ट्रेट का आदेश मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित कार्रवाई की। पुलिस ने पंकज बवाड़ी को सख्त हिदायत दी है कि वह आदेश का कड़ाई से पालन करे और निर्धारित अवधि के दौरान हरिद्वार जनपद की सीमा में प्रवेश न करे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय शाह वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट और कांस्टेबल हरिराज शामिल रहे।
