प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के एक्टिविटी सेंटर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय की 250 छात्राओं एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर का उद्देश्य विश्वविद्यालय के अधिकारियों कर्मचारियों और विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। शिविर में कोलकाता हार्ट क्लीनिक एंड हेल्थ हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.तरुण मंडल बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.शैफाली राय स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.उन्नति और फिजिशियन डॉ.राजकुमार शामिल रहे। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ.प्रशान्त मैठाणी और फार्मासिस्ट रविन्द्र कुमार ने भी स्वास्थ्य परीक्षण में सहयोग किया। शिविर के दौरान कुल 250 छात्राओं एवं कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इसके साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। इस पहल से लाभार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर विजेता सेमवाल मुकेश सेमवाल और रेशमा सहित अन्य सहयोगियों ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो.ओ.पी.गुसाईं और बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो.एच.बी.चौहान ने किया। उन्होंने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को विश्वविद्यालय के अधिकारियों कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। शिविर के माध्यम से विश्वविद्यालय समुदाय को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवाइयां प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
