प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और उनकी सकुशल बरामदगी के लिए टिहरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना थत्यूड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदगी का मामला दर्ज होने के मात्र 72 घंटे के भीतर महिला को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद महिला की इच्छानुसार उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 अक्टूबर 2026 को थाना थत्यूड़ क्षेत्र के ग्राम नकुर्ची निवासी एक महिला की गुमशुदगी के संबंध में शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी विवेचना अपर उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार को सौंपी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशानुसार अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष थत्यूड़ ने पुलिस टीम गठित कर गुमशुदा महिला की तलाश के लिए आवश्यक प्रयास किए। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला की तलाश की और 27 अक्टूबर 2026 को उसे धामपुर जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया। मामला दर्ज होने के मात्र 72 घंटे के भीतर महिला की बरामदगी पुलिस की तत्परता और समन्वित प्रयासों का परिणाम है। बरामदगी के बाद महिला की इच्छानुसार उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में थाना थत्यूड़ की पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल मनीष सिंह के साथ महिला कांस्टेबल अंकिता शामिल रहीं। टिहरी पुलिस ने गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और उनकी सुरक्षित बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।
