प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस के साथ उनके कल्याण को प्राथमिकता देते हुए थाना छाम परिसर में मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कंडीसौड़ से पहुंची चिकित्सकों की टीम ने थाना छाम में नियुक्त पुलिसकर्मियों और पीआरडी जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान सभी पुलिसकर्मी और पीआरडी जवान स्वस्थ पाए गए। मेडिकल कैंप में चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों और पीआरडी जवानों के स्वास्थ्य की जांच कर उनके सामान्य स्वास्थ्य और शारीरिक स्थिति का आकलन किया। इस दौरान थाना छाम में नियुक्त कार्मिकों और पीआरडी जवानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। इस पहल का उद्देश्य पुलिस बल को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व को बढ़ावा देना है ताकि पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी तत्परता और ऊर्जा के साथ कर सकें। चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही संतुलित और पौष्टिक आहार लेने तथा पर्याप्त नींद सुनिश्चित करने के साथ नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी गई। पुलिसकर्मियों की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी को देखते हुए उन्हें शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने के महत्व से अवगत कराया गया। चिकित्सकों ने नियमित दिनचर्या और उचित खानपान के साथ तनाव प्रबंधन को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। पुलिसकर्मी दिन-रात कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ सड़क दुर्घटनाओं तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए पुलिसकर्मियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पुलिसकर्मियों और सहयोगी बल के स्वास्थ्य की देखभाल तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार की पहल की जा रही है। पुलिसकर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ कार्य वातावरण को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
