प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए टिहरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कोतवाली चंबा पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चंबा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान जसपुर तिराहे पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान उसके कब्जे से छह पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और एक पेटी अवैध बीयर बरामद हुई। कुल सात पेटी शराब और बीयर को आरोपी वाहन संख्या यूके09जीए0002 ओमनी में ले जा रहा था। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज पुत्र ओमपाल निवासी कोटी कॉलोनी बीपुरम नई टिहरी जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली चंबा में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रवि कुमार और अपर उपनिरीक्षक राकेश राणा के साथ हेड कांस्टेबल संतोष हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश तथा कांस्टेबल रामचंद्र शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास अवैध शराब की बिक्री या तस्करी अथवा नशे से संबंधित कोई गतिविधि संचालित हो रही हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
