Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को समय से पूरा करने के लिए हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने चुनाव सेल का गठन करते हुए इंस्पेक्टर योगेश दत्त के नेतृत्व में 13 सदस्यीय टीम को अंतिम रूप देकर आदेश जारी कर दिए हैं। गठित चुनाव सेल में एक उपनिरीक्षक और एक अपर उपनिरीक्षक के साथ दो हेड कांस्टेबल तथा आठ कांस्टेबल नियुक्त किए गए हैं। तत्काल प्रभाव से लागू किए गए आदेश के अनुसार चुनाव सेल आगामी विधानसभा चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं और पुलिस बल की मांग के साथ आवंटित पुलिस बल के वितरण सहित अन्य चुनाव संबंधी बिंदुओं पर कार्य करेगी। इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना है। इसके साथ ही हरिद्वार पुलिस में चार उपनिरीक्षकों और एक अपर उपनिरीक्षक के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। उपनिरीक्षक संजय पूनिया को वरिष्ठ उपनिरीक्षक खानपुर के पद से हटाकर प्रभारी सीआईयू रुड़की की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपनिरीक्षक सुरेश कुमार को कोतवाली लक्सर से स्थानांतरित कर वरिष्ठ उपनिरीक्षक खानपुर नियुक्त किया गया है। उपनिरीक्षक मुनव्वर हुसैन को प्रभारी चौकी अमानतगढ़ से कोतवाली रुड़की भेजा गया है। उपनिरीक्षक सुनील रमोला को थाना बुग्गावाला से स्थानांतरित कर प्रभारी चौकी अमानतगढ़ बनाया गया है। वहीं अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़ को कोतवाली श्यामपुर से चौकी प्रभारी चिड़ियापुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह द्वारा जारी इन आदेशों के बाद चुनाव संबंधी तैयारियों को गति देने के साथ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की नई तैनाती के अनुसार जिम्मेदारियां सुनिश्चित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *