प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों और अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा तथा सहायता सुनिश्चित करने के साथ उनकी कुशलक्षेम जानने के लिए लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना छाम पुलिस ने पट्टी गुसाईं के विभिन्न गांवों में पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों और अकेले रहने वाले बुजुर्गों से मुलाकात की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं तथा आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। वहीं कोतवाली नरेंद्रनगर की चौकी जाजल क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम आमपाटा में भी पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सभी वरिष्ठ नागरिकों ने स्वयं को कुशल बताया। पुलिस टीम ने बुजुर्गों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या सुरक्षा संबंधी आवश्यकता होने पर वे आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित थाने या ग्राम प्रहरी के माध्यम से भी पुलिस को सूचना दे सकते हैं। टिहरी पुलिस द्वारा इस पहल के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों और अकेले रहने वाले बुजुर्गों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संपर्क बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। टिहरी पुलिस ने संकल्प जताया है कि प्रत्येक बुजुर्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पुलिस की पहुंच हर घर तक बनाने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
