प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में मतदाताओं की सुविधा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदेय स्थलों के युक्तिकरण को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। 29 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों के भौतिक सत्यापन और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रस्तुत 22 प्रस्तावों पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सहमति व्यक्त की। प्रस्तावों के अनुमोदन के बाद जनपद में मतदेय स्थलों की संख्या 1008 से बढ़कर 1016 हो जाएगी। बैठक में प्रस्तुत प्रस्तावों में मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने में होने वाली दूरी संबंधी असुविधा को देखते हुए आठ नए मतदेय स्थल बनाने का प्रस्ताव शामिल है। इसके अलावा एक मतदेय स्थल के स्थानांतरण और तीन मतदेय स्थलों के भवन अथवा क्षेत्र के नाम में संशोधन के साथ अन्य कारणों से 10 मतदेय स्थलों में परिवर्तन किए जाने के प्रस्ताव रखे गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को प्रस्तावित मतदेय स्थलों के भवनों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत और सुधार से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों का चयन इस प्रकार किया जाए कि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। उन्होंने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से दुरुस्त करने और मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार विधानसभा क्षेत्र यमकेश्वर में 181 मतदेय स्थल होंगे। पौड़ी विधानसभा क्षेत्र में 169 और श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में 200 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं। इसी प्रकार चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में 162 तथा लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र में 151 मतदेय स्थल होंगे। कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में 153 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं। इस प्रकार अनुमोदन के बाद जनपद में कुल मतदेय स्थलों की संख्या 1016 हो जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पीआर चौहान तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह मौजूद रहे। राजनीतिक दलों की ओर से भारतीय जनता पार्टी के कमल किशोर रावत क्रांति किशोर संतोष चंदोला और राजेंद्र सिंह रावत शामिल हुए। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से भरत सिंह रावत विनोद नेगी और धीरज सिंह रावत उपस्थित रहे। बहुजन समाज पार्टी से सुबोध कुमार तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी से आयुष कुमार ने बैठक में प्रतिभाग किया। संबंधित उप जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
