प्रदीप कुमार
लैंसडाउन/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस को चकमा देने के लिए मोटरसाइकिल का नंबर इनोवा कार पर लगाकर चला रहे दो आरोपियों को लैंसडाउन पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। कार से वास्तविक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने कार्रवाई से बचने के लिए दूसरे वाहन का नंबर अपनी कार पर लगाया था। जनपद में अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने सभी थाना प्रभारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 30 अक्टूबर 2026 को कोतवाली लैंसडाउन पुलिस टीम गुमखाल चेक पोस्ट पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक टोयोटा इनोवा कार को रोककर जांच की। कार के आगे और पीछे लगी नंबर प्लेट पर यूके07डीएम-7193 अंकित था। पुलिस ने ई-चालान मशीन से नंबर की जांच की तो पता चला कि यह नंबर टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल के नाम पर पंजीकृत है। इस संबंध में वाहन में सवार व्यक्तियों से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम उमेश सुयाल निवासी कुसुमखेड़ा जनपद नैनीताल बताया जबकि उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम विक्रम निवासी मछेल्या जनपद अल्मोड़ा बताया। पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली तो सीट के नीचे से दो हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बरामद हुईं। इन पर पीबी05एबी-0324 अंकित था। पूछताछ में दोनों व्यक्तियों ने बताया कि उन्होंने टोयोटा इनोवा कार करीब एक माह पहले अमृतसर पंजाब में किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदी थी। वाहन के कागजात की अवधि समाप्त होने के कारण पुलिस की कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से उन्होंने इंटरनेट पर किसी अन्य वाहन का नंबर यूके07डीएम-7193 देखकर अपनी कार पर उसी नंबर की प्लेट लगा दी थी। दोनों व्यक्ति कुमाऊं क्षेत्र में लीसा का कार्य करते हैं। वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर संचालन करने और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध कोतवाली लैंसडाउन में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सिल्वर रंग की टोयोटा इनोवा कार बरामद की है। इसके अलावा कार पर लगी दो फर्जी नंबर प्लेट यूके07डीएम-7193 और वाहन के अंदर से मिली दो हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट पीबी05एबी-0324 भी बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में उमेश सुयाल उम्र 31 वर्ष पुत्र हरीश चन्द्र सुयाल निवासी कुसुमखेड़ा थाना मुखानी जनपद नैनीताल तथा विक्रम उम्र 21 वर्ष पुत्र हीरा बल्लभ बेलवाल निवासी द्वारसो बबूरखोला मछेल्या थाना रानीखेत जनपद अल्मोड़ा शामिल हैं। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार और मुख्य आरक्षी पंकज शर्मा के साथ कांस्टेबल मुकेश जोशी एवं कांस्टेबल गोपा… शामिल रहे।
