प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस की ओर से शनिवार 31 अक्टूबर 2026 को चौकी भद्रकाली थाना मुनिकीरेती और कोतवाली कैम्पटी में स्वैच्छिक रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के साथ पुलिस कार्मिकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। चौकी भद्रकाली थाना मुनिकीरेती में आयोजित शिविर में थाना मुनिकीरेती और यातायात पुलिस के साथ जल पुलिस एवं होमगार्ड तथा एसडीआरएफ और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और अन्य प्रतिभागियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता के लिए सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। वहीं कोतवाली कैम्पटी में भी रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविरों में चिकित्सकीय टीम द्वारा पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इस दौरान रक्तचाप सहित आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। चिकित्सकीय टीम ने पुलिस कार्मिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम करने के साथ संतुलित खानपान रखने तथा अपनी दैनिक दिनचर्या में आवश्यक सुधार करने के संबंध में परामर्श दिया। टिहरी पुलिस की ओर से आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य पुलिस कार्मिकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के माध्यम से समाज में मानवता और सहयोग एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करना रहा। टिहरी पुलिस आमजन की सुरक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन तथा पुलिस कार्मिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
