Spread the love

प्रदीप कुमार
अगस्त्यमुनि/रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित रूरल इन्क्यूबेशन कार्यक्रम ‘भुलि’ (BHULI) योजना के तहत शनिवार को विकासखंड सभागार अगस्त्यमुनि में महिला नेतृत्व वाली चिन्हित उद्यम इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के सहयोग से संचालित इस योजना का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों की पहचान कर उनके उद्यमों को मजबूत बनाना तथा उन्हें आवश्यक वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराना है। योजना के अंतर्गत चयनित महिला उद्यमियों को चैलेंज फंड के रूप में 15 लाख रुपये तक का अनुदान तथा चार लाख रुपये का ब्याज रहित ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान है। जनपद रुद्रप्रयाग में इस योजना के तहत कुल 152 महिला उद्यमियों ने आवेदन किया था। इनमें से 55 महिला उद्यमी भौतिक सत्यापन के लिए उपस्थित हुईं। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 23 महिला उद्यमियों का आगामी चरण के लिए चयन किया गया। इस योजना के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और उद्यमों को मजबूत बनाने के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। भौतिक सत्यापन के दौरान आईआईएम काशीपुर से गिरिधर सिंह बिष्ट और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन रुद्रप्रयाग के कृषि आजीविका समन्वयक अरविंद बिष्ट मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्यमंत्री उद्यमशाला के जनपद प्रबंधक भरत सिंह बिष्ट और ब्लॉक मिशन मैनेजर आशुतोष नेगी तथा क्लस्टर समन्वयक रमेश लाल उपस्थित रहे। अगस्त्यमुनि से लखपति उनियाल और जखोली से सुनील पंत सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *