प्रदीप कुमार
रोशनाबाद/हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद में पुलिस महानिरीक्षक पुलिस दूरसंचार एवं फायर सर्विस उत्तराखंड की उपस्थिति में भव्य परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने परेड की सलामी ली। परेड में पुलिस बल ने अनुशासन और एकजुटता के साथ कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। परेड के दौरान पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 16 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदक अलंकृत कर सम्मानित किया। परेड के पश्चात पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का पैदल भ्रमण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उन्होंने पुलिस कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह और पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं पुलिस अधीक्षक नगर के साथ पुलिस अधीक्षक संचार सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय एकता दिवस की भावना के अनुरूप कार्यक्रम में राष्ट्र की एकता और अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही जनपद के सभी थाना कार्यालयों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एकता की शपथ दिलाई गई।
