प्रदीप कुमार
रानीपुर/हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने 30 अक्टूबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 88 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की गई। पुलिस टीम ने पहली कार्रवाई में विवेक बक्शी उम्र 30 वर्ष पुत्र अरुण बक्शी निवासी मकान नंबर 348 विष्णुलोक कॉलोनी कोतवाली रानीपुर हरिद्वार को रामलीला ग्राउंड सेक्टर एक से हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से 40 पव्वे देशी शराब किन्नू मार्का बरामद हुई। इस संबंध में कोतवाली रानीपुर में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। दूसरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने सौरभ उम्र 28 वर्ष पुत्र महिपाल निवासी रविदास मंदिर के निकट सलेमपुर कोतवाली रानीपुर हरिद्वार को बैरियर नंबर छह स्थित फर्नीचर फैक्ट्री के पास से हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से 48 टेट्रा पैक देशी शराब माल्टा मार्का बरामद हुई। इस मामले में भी कोतवाली रानीपुर में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में मुख्य आरक्षी अमित चौधरी और कांस्टेबल दिग्पाल के साथ कांस्टेबल उदय चौहान तथा कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।
