प्रदीप कुमार
लक्सर/हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद को नशामुक्त बनाने और अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर द्वारा पुलिस टीमों का गठन कर क्षेत्र में लगातार चेकिंग और निगरानी के साथ संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। अभियान के तहत 30 अक्टूबर 2026 को चेकिंग के दौरान लक्सर पुलिस टीम ने उस्मान अली नामक व्यक्ति को 7.12 ग्राम अवैध स्मैक और एक मोबाइल फोन के साथ हिरासत में लिया। आरोपी उस्मान अली पुत्र सुलेमान निवासी एथल बुजुर्ग थाना पथरी जनपद हरिद्वार के विरुद्ध कोतवाली लक्सर में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.12 ग्राम अवैध स्मैक और वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी और वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट के साथ उपनिरीक्षक समीप पाण्डे तथा मुख्य आरक्षी पंचम प्रकाश एवं मुख्य आरक्षी अरविन्द रावत शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।
