Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनवरी से सितंबर 2026 तक जनपद में हुई सड़क दुर्घटनाओं का तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही दुर्घटनाओं में शामिल वाहनों के प्रकार और थानावार स्थिति के साथ दुर्घटनाओं के समय संबंधी आंकड़ों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि परिवहन विभाग द्वारा इस वर्ष सितंबर माह तक कुल 5 हजार 155 चालान किए गए हैं जबकि पुलिस विभाग द्वारा 46 हजार 432 चालान की कार्रवाई की गई है। सार्वजनिक सेवायानों से संबंधित दुर्घटनाओं में प्रभावित व्यक्तियों को देय आर्थिक सहायता का शत-प्रतिशत वितरण किया जा चुका है। वहीं जनपद में हिट एंड रन के प्रकरण शून्य रहे हैं। जिलाधिकारी ने सितंबर माह में हुई चार सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए उनके कारणों की समीक्षा की। इस दौरान बताया गया कि इनमें से दो दुर्घटनाएं तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई थीं। जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करते हुए उनकी प्रभावी रोकथाम के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा अंधे मोड़ों पर संकेतक लगाए गए हैं जबकि लोक निर्माण विभाग द्वारा झाड़ियों की कटाई के साथ ही विभिन्न स्थानों पर संकेतक बोर्ड स्थापित किए गए हैं। बैठक में इन कार्यों के जियोटैग फोटोग्राफ भी प्रस्तुत किए गए। जिलाधिकारी ने ब्रह्मानंद मोड़ पर ढलान के उपचार का कार्य प्राथमिकता से कराने पर विशेष जोर दिया। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने कुंभ एवं पर्यटन मार्गों के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेंद्र विराटिया ने बताया कि तीन मार्गों का क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा अनुमोदन किया जा चुका है जबकि 27 मार्गों के अनुमोदन की कार्रवाई प्रगतिमान है। उन्होंने बताया कि मार्गों के अनुमोदन से पूर्व संयुक्त सर्वेक्षण किया जाता है और वाहन के माध्यम से ट्रायल भी किया जाता है। इसके बाद सड़क के घुमाव और चौड़ाई का मापन कर निर्धारित मानकों के अनुरूप मार्ग का अनुमोदन किया जाता है। बैठक में मोटर यूनियन के प्रतिनिधि ने ट्रिप कार्ड एवं पहाड़ी क्षेत्र में वाहन चलाने के लाइसेंस से संबंधित सुझाव भी रखे। जिलाधिकारी ने इन सुझावों पर सहमति जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आगामी चारधाम यात्रा से पूर्व प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश और अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग केएस नेगी के साथ सहायक अभियंता नवीन कौशिक तथा सहायक अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग श्रीनगर मनोज अग्रवाल मौजूद रहे। इसके अलावा सीमा सड़क संगठन से केसी नौटियाल एवं एसएस रावत तथा अवर अभियंता सतवीर सिंह और राजेंद्र सिंह नेगी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *