Spread the love

प्रदीप कुमार
चंबा/टिहरी गढ़वाल। पुलिस कार्मिकों की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण को प्राथमिकता देते हुए शनिवार 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने पुलिस लाइन चंबा स्थित सम्मेलन कक्ष में जनपद टिहरी गढ़वाल के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मेलन लिया। सम्मेलन के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस कार्मिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सम्मेलन में आकस्मिक एवं उपार्जित अवकाश समय पर स्वीकृत करने पर विशेष जोर दिया गया। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पुलिस कार्मिकों द्वारा प्रस्तुत आकस्मिक अवकाश एवं उपार्जित अवकाश के प्रार्थना पत्रों पर नियमानुसार समय से कार्रवाई करते हुए अवकाश स्वीकृत किए जाएं ताकि कार्मिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। आगामी समय में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवा संबंधी पत्रावलियों और आवश्यक अभिलेखों को समय रहते पूर्ण करने के लिए प्रधान लिपिक को निर्देशित किया गया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सेवानिवृत्ति के समय किसी भी कर्मचारी को अपने देयकों और अन्य औपचारिकताओं के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो। पुलिस कार्मिकों के लंबे समय से लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित मेडिकल बिलों का शीघ्र भुगतान करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही कहा गया कि यदि चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान में किसी प्रकार की विभागीय अथवा प्रशासनिक समस्या आ रही है तो उसके समाधान के लिए पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र कार्यालय से पत्राचार किया जाए ताकि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराया जा सके। पुलिस कार्मिकों के यात्रा भत्ता एवं दैनिक भत्ता यानी टीए-डीए से संबंधित लंबित बिलों का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने के लिए अकाउंटेंट को निर्देशित किया गया। कहा गया कि इन बिलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए ताकि कर्मचारियों को अपने देयकों के भुगतान के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। सम्मेलन के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस कार्मिकों से अन्य समस्याओं और सुझावों के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान उपस्थित किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी ने कोई अन्य समस्या प्रस्तुत नहीं की। सम्मेलन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने भी पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप को जनपद की पुलिस व्यवस्था और पुलिस कार्मिकों से संबंधित समस्याओं के साथ विभागीय आवश्यकताओं एवं विभिन्न लंबित प्रकरणों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। एसएसपी द्वारा प्रस्तुत विषयों पर पुलिस महानिरीक्षक ने गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने कहा कि पुलिस कार्मिक पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कल्याण और सुविधाओं के साथ उनकी समस्याओं का समय पर समाधान होना आवश्यक है। कार्मिकों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। टिहरी पुलिस द्वारा पुलिस कार्मिकों के कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के साथ विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *