प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। रिजर्व पुलिस लाइन पौड़ी में शनिवार 31 अक्टूबर 2026 को प्रतिसार निरीक्षक श्याम लाल के अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनंद भरणे ने शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया और उनके सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। श्याम लाल एक नवंबर 1985 को आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान 19 नवंबर 1997 को मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति प्राप्त की। इसके बाद दो जून 2008 को उपनिरीक्षक तथा 30 दिसंबर 2020 को प्रतिसार निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने पुलिस विभाग में कुल 40 वर्ष 11 माह की दीर्घकालीन एवं सराहनीय सेवाएं प्रदान कीं। अपने सेवाकाल के दौरान श्याम लाल जनपद टिहरी गढ़वाल और जनपद देहरादून के साथ पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) नरेंद्रनगर तथा जनपद रुद्रप्रयाग एवं पौड़ी गढ़वाल में विभिन्न पदों पर नियुक्त रहे। इस दौरान उन्होंने पूर्ण निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अनुशासन एवं समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन किया और पुलिस विभाग को महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं। विदाई समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्याम लाल के दीर्घ सेवाकाल और कार्यकुशलता की सराहना की। उन्होंने उनकी अनुशासित कार्यशैली और मिलनसार व्यक्तित्व के साथ हंसमुख स्वभाव तथा पुलिस विभाग के प्रति समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा को प्रेरणादायक बताया। अधीनस्थ कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए यादगार पलों को साझा करते हुए विभाग के लिए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार सहित समस्त पौड़ी पुलिस परिवार की ओर से श्याम लाल को सेवानिवृत्ति के बाद उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि के साथ शांति एवं खुशियों से परिपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। पुलिस परिवार ने उनके आगामी जीवन के सुखद और मंगलमय होने की कामना की।
