प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में शनिवार को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। महापौर आरती भंडारी की पहल और प्रयासों से शहर को करीब 9.35 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिली। वहीं नौ साल से बंद पड़ी सिटी बस सेवा भी दोबारा शुरू हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 30 सीटर सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बस का नाम ‘श्रीनगर दर्शन’ रखा गया है। इसके साथ ही ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण किया गया और विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई और नगर निगम में कार्यरत 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट वितरित की गईं। महापौर आरती भंडारी के लिए कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक श्रीनगर में सिटी बस सेवा की दोबारा शुरुआत रही। महापौर ने बताया कि पदभार संभालने के बाद उन्होंने जनता से सबसे पहले शहर में सिटी बस सेवा शुरू कराने का वादा किया था। इससे पहले वर्ष 2017 तक शहर में सिटी बस का संचालन होता था। इसके बाद से शहरवासी इस सुविधा का इंतजार कर रहे थे। अब करीब नौ साल बाद उनका यह वादा धरातल पर उतर गया है। महापौर की पहल पर जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस भदौरिया को भेजे गए प्रस्ताव के क्रम में अनटाइड फंड से करीब 22 लाख 48 हजार 514 रुपये की लागत से 30 सीटर बस उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री ने बस को हरी झंडी दिखाने के साथ ही उसकी चाबी महापौर आरती भंडारी को सौंपी। महापौर ने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के साथ जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया का आभार जताया। श्रीनगर दर्शन’ नाम से संचालित होने वाली यह बस धारी देवी से कलियासौड़ होते हुए कीर्तिनगर पुल तक चलेगी। शुरुआत में बस प्रतिदिन कम से कम पांच चक्कर लगाएगी। सर्दियों में सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक और गर्मियों में सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक इसका संचालन होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर बस स्टॉप भी बनाए जाएंगे। न्यूनतम किराया निर्धारित होने से विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों के साथ व्यापारियों एवं आम नागरिकों को किफायती आवागमन की सुविधा मिलेगी। शुभारंभ के दौरान नगर निगम के पार्षदों ने भी पहली बार सिटी बस में सफर किया। महापौर ने बताया कि शहर की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए जल्द ही एक और सिटी बस उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर निगम क्षेत्र में करीब 9.35 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा और स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका के रूप में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क शामिल हैं। इसके अलावा सड़क एवं नाली निर्माण और लक्ष्मीनारायण पार्क सहित पार्कों के सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य भी शामिल हैं। इन योजनाओं से शहर की स्वच्छता व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण के साथ ही आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया गया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सशक्त बहना सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 2 लाख 1 हजार 530 रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया। वहीं नगर निगम में स्वच्छता कार्यों में जुटी 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट वितरित की गईं। इस पहल के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ ही स्वच्छता कार्यों में योगदान देने वाली महिलाओं के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता को भी प्राथमिकता दी गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सहज अंदाज भी आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री प्रोटोकॉल से हटकर उनके बीच पहुंचे और उनसे संवाद किया। जूनियर दिल्ली स्कूल की प्रधानाचार्य बबिता गुसाईं के साथ आए 10 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को डीक्राफ्ट भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों का हालचाल जाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री का यह आत्मीय व्यवहार बच्चों के लिए यादगार पल बन गया। श्रीनगर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के साथ कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया और महापौर आरती भंडारी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी और उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा के साथ नगर निगम के पार्षदगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। जनता से किए वादों को धरातल पर उतारने की दिशा में महापौर आरती भंडारी की यह पहल श्रीनगर के शहरी विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। सिटी बस सेवा की वापसी से लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण तक पार्कों के विकास तथा महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं ने नगर की विकास योजनाओं को नई गति देने का संदेश दिया।
