Spread the love

प्रदीप कुमार
तिमली/पौड़ी गढ़वाल। राष्ट्रीय एकता दिवस एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज तिमली में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित यह शिविर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के राष्ट्रव्यापी ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। अभियान का प्रथम चरण 26 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने छात्राओं को बाल अधिकारों बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बाल यौन शोषण की रोकथाम अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान व्यक्तिगत सुरक्षा तथा इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार उत्पीड़न अथवा शोषण की स्थिति में बच्चों को बिना किसी भय या संकोच के अपने अभिभावकों शिक्षकों या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए ताकि समय रहते आवश्यक सहायता एवं संरक्षण मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में रहने शिक्षा प्राप्त करने और अपने अधिकारों के संरक्षण का अधिकार है। बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता और किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध आवाज उठाना सुरक्षित बचपन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत ने छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता प्राधिकरण की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा बच्चों के अधिकारों एवं संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री हेल्पलाइन संख्या 15100 की जानकारी देते हुए किसी भी कानूनी समस्या अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में छात्राओं को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में भी बताया गया। इस दौरान आपसी सद्भाव सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य गणेश ध्यानी अधिकार मित्र चतुर सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *