Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला कार्यालय प्रांगण में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की एकता अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके उपरांत कंडोलिया मैदान में रन फॉर यूनिटी यानी एकता के लिए दौड़ एवं रन अगेंस्ट ड्रग्स यानी नशे के विरुद्ध दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें खेल विभाग के समस्त कोच एवं एनसीसी के 150 से अधिक कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें आपसी सद्भाव भाईचारे और राष्ट्रीय एकजुटता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। प्रत्येक नागरिक को देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए। कंडोलिया मैदान में आयोजित दौड़ का शुभारंभ जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ में शामिल बच्चों ने एकता आपसी सद्भाव और नशामुक्त समाज का संदेश दिया। इस दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन उनके विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को उनके जीवन दर्शन और उपलब्धियों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कर्नल देवेंद्र सिंह नेगी लेफ्टिनेंट कर्नल वीरेंद्र सिंह चौहान सुरेंद्र सिंह भरत सिंह सहित युवा कल्याण एवं खेल विभाग के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *