Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में शनिवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित एवं निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की प्रगति संचालन और रखरखाव सहित गंगा संरक्षण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। बैठक में पूर्व में आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए जनपद में स्थापित एवं संचालित सभी एसटीपी के मासिक विद्युत बिल विद्युत खपत और प्रति यूनिट लागत का विवरण प्रत्येक माह समिति की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी एसटीपी के पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा राष्ट्रीय हरित अधिकरण द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुपालन की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया। इसके अंतर्गत प्रत्येक एसटीपी के मानकों का अनुपालन करने अथवा नहीं करने की स्थिति स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत निर्माणाधीन विभिन्न एसटीपी परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें गौरीकुंड में 200 केएलडी एसटीपी सीतापुर स्थित सुलभ शौचालय के लिए 06 केएलडी एसटीपी तिलवाड़ा में 100 केएलडी एसटीपी सोनप्रयाग में 06 केएलडी एसटीपी तथा सोनप्रयाग में सुलभ शौचालय के लिए 10 केएलडी एसटीपी एवं शौचालय ब्लॉक निर्माण कार्य शामिल हैं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों की प्रगति और निर्धारित पूर्णता तिथियों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी करने पर भी जोर दिया। इसके अतिरिक्त श्री केदारनाथ धाम स्थित एसटीपी के हस्तांतरण और उसके समुचित प्रबंधन की स्थिति पर भी चर्चा की गई। वन भूमि से संबंधित प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों ने अवगत कराया कि वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामले भारत सरकार के स्तर पर पूर्व में ही प्रेषित किए जा चुके हैं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को शेष कार्यों पर आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी सहायक अभियंता पेयजल निगम श्रीनगर शीतल सिंह और एपीई पेयजल निगम श्रीनगर नितिन जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *