प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सोमवार को नई टिहरी स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। इस अवसर पर कुल 37 शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त हुए। कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निर्धारित समय के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन प्रकरणों का समाधान हो चुका है उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए। जिला योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने समय पर स्वीकृत धनराशि खर्च करने तथा बकाया धनराशि के आवंटन के लिए मांग पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर तहसील कण्डीसौड़ के ग्राम कन्स्यूड़ निवासी सुन्दर सिंह ने अपनी पैतृक भूमि का सही तरीके से सीमांकन कराने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम टिहरी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बौराड़ी निवासी फगण सिंह तथा सोवन सिंह ने बौराड़ी बस अड्डे पर खोखा आवंटित करने की मांग की। इस पर प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम कोटी थाती बूढ़ाकेदार निवासी सत्यवीर सिंह रावत ने शिकायत की कि झाला-कोटी रोड पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क का ढलान जंगल की ओर से उनके मकान की तरफ बनाया गया है। इसके कारण नहर एवं बारिश का पानी सड़क से होकर उनके मकान की तरफ बहता है। इससे मकान में दरारें पड़ गई हैं और मकान के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। इस पर लोक निर्माण विभाग घनसाली को तत्काल उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ओपन मार्केट बौराड़ी नई टिहरी निवासी जसवन्त सिंह रावत ने अपनी दुकान के आगे आने-जाने के आम रास्ते पर किनारे से साड़ियां टांगकर रास्ता रोकने तथा दुकान को ढकने की शिकायत की। इस पर एसडीएम तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका टिहरी को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। तहसील टिहरी के ग्राम स्वाड़ी निवासी अनिल सुयाल ने बताया कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। फिंगरप्रिंट की समस्या के कारण बैंक में उनकी केवाईसी नहीं हो पा रही है। इसके चलते उन्हें किसान सम्मान निधि एवं बैंकिंग सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता डीडीओ मोहम्मद असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
