प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को नई टिहरी में 3506.02 लाख रुपये यानी 35.06 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय पॉलीटेक्निक के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। इस दौरान मंत्री डॉ.धन सिंह रावत एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि राजकीय पॉलीटेक्निक का निर्माण क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। संस्थान के निर्माण से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है ताकि वे तकनीकी रूप से दक्ष होकर रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि यह संस्थान क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा आने वाले समय में युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा। इस अवसर पर विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष रमोला तथा भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।
