प्रदीप कुमार
कोटद्वार/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़भाड़ को देखते हुए पौड़ी पुलिस सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के बाजारों एवं प्रमुख स्थानों पर लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के क्रम में कोटद्वार पुलिस टीम द्वारा बाजारों में नियमित पैदल गश्त और सतर्क निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही वाहनों की सघन चेकिंग भी की जा रही है। पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मुस्तैदी से ड्यूटी करते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में जुटे हैं। पुलिस द्वारा आमजन और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके अतिरिक्त बाजारों में पैदल आवागमन को सुगम बनाने और यातायात बाधित होने से रोकने के लिए सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है। पौड़ी पुलिस द्वारा त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रखी जा रही है।
