प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। अपराधों की रोकथाम और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के क्रम में रुद्रप्रयाग पुलिस ने मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मामले के संबंध में 21 अगस्त 2026 को सरोजनी देवी पत्नी सुरेश सिंह निवासी ग्राम पाला कुराली राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र बुढ़ना तहसील जखोली जनपद रुद्रप्रयाग ने राजस्व क्षेत्र बुढ़ना में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया था कि अभियुक्त ने अपनी पत्नी यानी शिकायतकर्ता की बहन के साथ मारपीट की है। इस मामले में राजस्व पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। प्रकरण की गंभीरता और अपराध की प्रकृति को देखते हुए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग के आदेश पर अभियोग की विवेचना नियमित पुलिस को हस्तांतरित की गई। इसके बाद मामले की विवेचना अपर उप निरीक्षक सोमवीर सिंह चौकी प्रभारी जखोली कोतवाली रुद्रप्रयाग को सौंपी गई। विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले में जानलेवा हमले और मारपीट से संबंधित आरोप भी जोड़े गए। पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 4 नवंबर 2026 को मानवेन्द्र सिंह राणा पुत्र बच्चन सिंह निवासी ग्राम पाला कुराली तहसील जखोली जनपद रुद्रप्रयाग को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने कहा है कि अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
