प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में पेंशनरों की सुविधा और जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान के लिए नवंबर माह में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा देने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं और साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा पेंशन संबंधी अधिकारों एवं शिकायतों के निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह ने बताया कि अभियान के तहत एक से सात नवंबर तक पेंशनर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके बाद 9 से 13 नवंबर तक डोर स्टेप अभियान के माध्यम से पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। 16 एवं 17 नवंबर को राज्य स्वास्थ्य योजना और चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित जानकारी दी जाएगी। वहीं 18 एवं 19 नवंबर को पेंशनरों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पेंशनरों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने के लिए 21 एवं 23 नवंबर को जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 25 नवंबर को पेंशनरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 26 एवं 27 नवंबर को आहरण-वितरण अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर पेंशन से संबंधित प्रकरणों पर विचार-विमर्श किया जाएगा तथा लंबित समस्याओं के निस्तारण की दिशा में कार्य किया जाएगा। मुख्य कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशनरों की शिकायतों के समाधान के लिए 28 एवं 30 नवंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जनपद के सभी पेंशनरों से अभियान के अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने और उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
