Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। धनतेरस के पावन अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक ने हरिद्वार शहर में स्वच्छता अभियान को प्रोत्साहित करने और स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के संकल्प को साकार करने की दिशा में सराहनीय पहल की है। बैंक की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत गंगा सभा और शांतिकुंज गायत्री परिवार को स्वच्छता कार्यों में सहयोग प्रदान करने के लिए दो वाहन भेंट किए गए। इन वाहनों को पंजाब नेशनल बैंक के अंचल प्रमुख अनुपम ने संबंधित संस्थाओं को समर्पित किया। कार्यक्रम में बैंक के अंचल प्रमुख अनुपम और उप अंचल प्रमुख अभिजित सिन्हा तथा हरिद्वार मंडल प्रमुख रंजन प्रकाश एवं उप मंडल प्रमुख अविनाश और सहायक महाप्रबंधक अंकुर उपस्थित रहे। इनके अलावा एलडीएम हरिद्वार दिनेश गुप्ता तथा मुख्य प्रबंधक अतुल मोहन गुप्ता और मुख्य प्रबंधक गोपाल एवं शांतिकुंज शाखा प्रबंधक आरती वर्मा सहित पंजाब नेशनल बैंक की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। गंगा सभा की ओर से अध्यक्ष नितिन गौतम और स्वागत मंत्री सिद्धार्थ चक्रपाणि ने कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं शांतिकुंज गायत्री परिवार की ओर से ट्रस्टी शेफाली पांडया और व्यवस्थापक योगेंद्र गिरि तथा जगदीश लाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर बैंक के अधिकारियों ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन और पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता जैसे जनहितकारी कार्यों में भी निरंतर योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दोनों वाहनों के माध्यम से स्वच्छता अभियान को और अधिक गति मिलेगी तथा हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पंजाब नेशनल बैंक की इस सामाजिक और जनकल्याणकारी पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *