Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने जिला प्रोबेशन कार्यालय का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों के साथ विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण और चाइल्ड हेल्पलाइन तथा एसओएस बाल ग्राम का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न पत्रावलियों एवं अभिलेखों का अवलोकन कर विभागीय कार्यप्रणाली की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण में आवासित एक बालिका को परिवार मिल गया है। इसके लिए नियमानुसार सभी आवश्यक कार्यवाही पूरी की गई है। अधिकारियों ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर जनवरी से सितंबर 2026 तक कुल 68 प्रकरण प्राप्त हुए हैं। इनमें से 61 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल संरक्षण से जुड़े सभी मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए। बच्चों की सुरक्षा और देखभाल तथा पुनर्वास से संबंधित प्रकरणों में निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पत्रावलियों और अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न बाल संरक्षण संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के हितों और अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल और एसीएमओ डॉ.निधि रावत तथा मनोरोग विशेषज्ञ डॉ.निधि एवं सदस्य बाल कल्याण समिति संगीता भंडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *