Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया। उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित दोनों विभूतियों को उत्तराखंडी सिनेमा और कला जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। दोनों कलाकारों को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए। वर्ष 2024 के लिए प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने अपने लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं तथा सामाजिक सरोकारों एवं जनभावनाओं को स्वर देकर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वहीं वर्ष 2025 के लिए प्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने अभिनय के माध्यम से उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है और भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। राज्य सरकार द्वारा उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा तथा कला जगत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से कला और सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *