प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार 6 नवम्बर 2026 को उत्तराखंड राज्योत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत परेड ग्राउंड देहरादून में 1475.31 करोड़ रुपये की 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की 1073.11 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं का शिलान्यास तथा 402.20 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का लोकार्पण किया गया। ये कार्यक्रम 6 से 13 नवम्बर तक आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव के अंतर्गत हुआ। इन योजनाओं से प्रदेश में सड़क और बिजली तथा पेयजल एवं शहरी विकास और शिक्षा तथा पर्यटन सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी। कार्यक्रम के अंतर्गत ऊर्जा विभाग की उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) से संबंधित 472.33 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का शिलान्यास तथा 77.93 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं से प्रदेश में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में बिजली संबंधी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। पेयजल क्षेत्र में पेयजल निगम की 191.17 करोड़ रुपये की आठ योजनाओं का शिलान्यास तथा 82.03 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त जल संस्थान की 62.30 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाने और आमजन को पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। लोक निर्माण विभाग की 18.78 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास तथा 99.68 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। शहरी विकास विभाग की 92.25 करोड़ रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा 10.95 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण किया गया। इनमें आगामी कुंभ मेला 2027 के दृष्टिगत हरिद्वार में सड़क और पुल सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से संबंधित कार्य भी शामिल हैं। तकनीकी शिक्षा विभाग की 35.06 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास तथा 61.98 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें नई टिहरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में भवन निर्माण से संबंधित कार्य भी शामिल हैं। पर्यटन विभाग की 43.70 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना तथा श्री हेमकुण्ड साहिब रोपवे परियोजना के लिए विद्युत आपूर्ति संबंधी कार्य शामिल हैं। गृह विभाग की 68.27 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें देहरादून में 31.63 करोड़ रुपये की लागत से साइबर उत्कृष्टता केंद्र तथा हल्द्वानी में 36.64 करोड़ रुपये की लागत से फायर स्टेशन के आवासीय भवनों का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त डेयरी विकास विभाग की 48.21 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया। इस योजना के अंतर्गत सितारगंज में मिल्क पाउडर प्लांट और आइसक्रीम प्लांट तथा बेकरी यूनिट का निर्माण किया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग की 19.01 करोड़ रुपये की योजना के अंतर्गत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में पीजी ब्लॉक के निर्माण का शिलान्यास किया गया। आवास विभाग की 10.59 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास तथा 12.48 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण किया गया। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग की 11.44 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास किया गया। वहीं चिकित्सा शिक्षा विभाग की 57.15 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन विकास योजनाओं से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सड़क और बिजली तथा पेयजल एवं शिक्षा और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले इन विकास कार्यों का लाभ आमजन को मिलेगा।
