Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में 7 नवंबर 2026 को जनपद के विभिन्न बाजारों और प्रमुख कस्बों में पुलिस बल द्वारा सांयकालीन पैदल गश्त की गई। इस दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी। पैदल गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने स्थानीय व्यापारियों और आमजन से संवाद स्थापित किया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके अतिरिक्त बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आमजन की आवाजाही को सुगम बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। रुद्रप्रयाग पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस लगातार सतर्क एवं मुस्तैद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *