Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। त्योहार के चलते बाजारों में बढ़ती रौनक और लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा है। त्योहारी भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों के साथ सार्वजनिक स्थलों पर लगातार पैदल गश्त की जा रही है। वहीं जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसके अलावा होटल और ढाबों तथा रेस्टोरेंटों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर हुड़दंग मचाने और शांति व्यवस्था भंग करने या अराजकता फैलाने के साथ किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। चमोली पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि दीपावली सहित अन्य त्योहारों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *